देवबंद। हत्या के प्रयास के मामले में जांच अधिकारी द्वारा साठगांठ कर आरोपियों को जेल जाने से बचाने का आरोप लगाते हुए अंबहेटा शेखां गांव निवासी अफसाना ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इसमें उसने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने तथा पुलिस की भूमिका संदिग्ध होने का आरोप लगाया है।
जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत में अफसाना ने बताया कि 7 सितंबर 2023 को मुकदमेबाजी की रंजिश में पति सुबहान पर तीन लोगों ने हमला किया था। इसमें पुलिस ने हत्या का प्रयास सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन बाद में जांच अधिकारी ने आरोपियों से साठगांठ कर उन्हें जेल जाने से बचा लिया। इसकी शिकायत एसएसपी से की गई। इसकी जानकारी होने पर आरोपी उसे परिवार सहित जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। अफसाना ने मुख्यमंत्री से मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।