नोएडा। जिंदगी में कुछ बड़ा न कर पाने की कसक लेकर रविवार को एक थाना बिसरख क्षेत्र में रहने वाला एक यूट्यूबर नीलेश्वर पांडेय ग्रेटर नोएडा वेस्ट के तिगड़ी गांव में लगे हुए मोबाइल टावर पर ही चढ़ गया। इस दौरान नीलेश्वर का नीचे खड़ा साथी घटनाक्रम की यूट्यूब पर लाइव स्ट्रीमिंग करता रहा। मौके पर भीड़ इकट्ठा होते देख साथी तो भाग गया, लेकिन नीलेश्वर ऊपर ही फंस गया। पांच घंटे की कवायद के बाद वहां पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस ने उसे नीचे उतारा। पुलिस ने बताया कि जीवन में कुछ नहीं कर पाने के चलते युवक तनाव में था। उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।
नीलेश्वर पांडेय का यूट्यूब पर नीलेश्वर 22 के नाम से चैनल है। उसके करीब 8.87 हजार सब्सक्राइबर हैं। पुलिस के मुताबिक नीलेश्वर कोई काम नहीं करता है। उसने पुलिस को बताया कि काफी प्रयास के बाद भी वह यूट्यूब पर अपने व्यूज और सब्सक्राइबर नहीं बढ़ा पा रहा है। कुछ दिन से वह सोच रहा था कि कुछ ऐसा किया जाए जिसके चलते वह दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचने में कामयाब हो सके।
इसी के चलते उसे यह आइडिया आया कि वह टावर पर चढ़कर शूट करे। ऊंचाई से नीचे के नजारों को दिखाए। इसी क्रम में वह रविवार को दोपहर तिगड़ी गांव पहुंचा और टावर पर चढ़ गया। उसका इरादा कुछ नुकसान करने या किसी को परेशान करने का नहीं था। जब नीलेश्वर टावर पर चढ़ गया तो आसपास के लोगों ने समझा कि वह अपनी जान देने जा रहा है।
उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। लोगों की भीड़ और पुलिस को आता देख उसका साथी भाग गया। नीलेश्वर को भी लगा कि नीचे के लोग उस पर हमलावर होने वाले हैं। पुलिस और फायर बिग्रेड ने उसे समझा कर नीचे उतारा। थाना बिसरख के प्रभारी अरविंद कुमार उसे हिदायत दी है कि इस तरह की शूटिंग न करे। ऊंचाई पर शूट करने के लिए नियम और सुरक्षा उपाय होते हैं। भविष्य में उसका ध्यान रखे।