मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के छुर गांव में शादी के पांच दिन बाद ही जेवरात व नकदी लेकर दुल्हन भाग गई। मामले में पुलिस ने दुल्हन समेत चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित की गई है।
छुर गांव निवासी मंगेराम पुत्र समय सिंह ने तहरीर में बताया था कि उसके बेटे कपिल की शादी बीते नौ जून को उतराखंड के विकास नगर निवासी नेहा के साथ हुई थी। लडकी वालों का शादी का खर्च भी उसने ही उठाया था। शादी के पांच दिन बाद ही नेहा पति के साथ सहेली की शादी में जाने को कहकर उतराखंड के लिए गई थी। लेकिन बीच रास्ते में वह पति के साथ सहारनपुर होटल में आराम करने के लिए रूकी।
आरोप है कि रास्ते भर वह फोन पर अपने जीजा के साथ लगातार संपर्क कर रही थी। होटल में रूकने के बाद नेहा ने अपने जीजा मोहित व अनुज शर्मा व अन्य दो अज्ञात साथियों को बुला लिया। इसके बाद उसने कपिल को चुपचाप जाने को कहा। विरोध करने पर कपिल को जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बाद वह घर पहुंचा और परिजनों को घटना के बारे में अवगत कराया। परिजनों ने घर के सामान की जांच की तो आरोपी दुल्हन नकदी व जेवरात भी अपने साथ ले गई थी।
जब उन्होंने शादी की बिचौलिया अन्नू से फोन पर बात की तो पूरे गिरोह का पर्दाफाश हो गया। जिसमें शादी कर लोगों को लूटने का काम किया जाता था। जिसके बाद मांगेराम ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देककर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी दुल्हन नेहा, मोहित, अनुज शर्मा व अन्नु के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस की एक टीम गठित की गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।