मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में एक बुजुर्ग की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। इस घटना का एक वीडियो भी आया है। जिसमें दिख रहा है कि एक युवक बुजुर्ग की पीट रहा है। वह लगातार मुंह पर ईंट से वार कर रहा है। इसके बाद जब बुजुर्ग अधमरा हो जाता है, तो वह पीटने वाला युवक वहां से फरार हो गया था।
गंभीर घायल होने पर अधेड़ को अस्पताल भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी अभी फरार है। घटना थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव मुजाहिदपुर की है।
गांव मुजाहिदपुर के रहने वाले अमरपाल (53) पुत्र भोपाल अपने परिवार के साथ रहते थे। अमरपाल का बबलू पुत्र महार सिंह से पैसे के लेनदने को लेकर विवाद था। 20 जून की रात को अमरपाल (53) पुत्र भोपाल और बबलू पुत्र महार सिंह पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच मारपीट हो गई थी।
बताया जा रहा है कि अमरपाल शराब के नशे मे था। आरोप है कि बबलू ने अमरपाल के मुंह पर ईंट से 8 बार वार किए थे। आरोपित अमरपाल को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया था। उसी दिन देर रात उसका पड़ोसी बाहर निकला। उसने अमरपाल को घेर के बाहर लहूलुहान पड़ा देखा तब उसने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद परिजनों ने गंभीर हालत में अमरपाल को मेरठ के निजी अस्पताल भाग्यश्री में भर्ती कराया। जहां रविवार की रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं यह सारी घटना एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें बबलू पुत्र महार सिह अमरपाल के ऊपर ईंट से वार करता नजर आ रहा है। इसका वीडियो आज सामने आया है। वीडियो के आधार पर पुलिस ने बबलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक थाना रतनपुरी तेज सिंह ने बताया की भाई शंतरपाल की तहरीर पर मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया था। अब हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।