सहारनपुर। बिहारीगढ़ के गांव कुरड़ीखेड़ा में जिलाबदर और हिस्ट्रीशीटर सोनू उर्फ दिलशाद को पकड़ने गए पुलिसकर्मियों से मारपीट करते हुए आरोपी को उनके परिजनों ने छुड़ा लिया। एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ने के साथ जमकर हंगामा किया। पुलिस के वाहन में भी तोड़फोड़ की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने भागकर जान बचाई। जानकारी मिलने पर सीओ बेहट भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी हिस्ट्रीशीटर और एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार किया गया। मामले में नौ के खिलाफ केस दर्ज किया गया। गांव में अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए।
कुरड़ीखेड़ा निवासी सोनू उर्फ दिलशाद पुत्र नाजिम 15 दिन पहले ही एक मामले में जेल से छूटकर आया था। इसके बाद उसको जिला बदर कर दिया गया था, लेकिन वह अपने घर पर ही रह रहा था। आरोपी के घर होने की सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार की दोपहर थाना बिहारीगढ़ से एक दरोगा और दो सिपाही आरोपी को पकड़ने गए थे, जैसे ही पुलिसकर्मियों ने दिलशाद को हिरासत में लिया और जीप की ओर लेकर बढ़े तो परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उन्होंने मारपीट करते हुए एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी और दिलशाद को छुड़ा लिया। आरोपियों ने पुलिस के वाहन में भी तोड़फोड़ की कोशिश की। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने थाने पर सूचना दी। आनन फानन में बिहारीगढ़ और मिर्जापुर पुलिस को लेकर सीओ बेहट शशि प्रकाश शर्मा गांव पहुंचे।
पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर हिस्ट्रीशीटर दिलशाद सहित पुलिस टीम पर हमला करने वाले नाजिम पुत्र मंजूर, उसकी पत्नी नसीमा, सुल्तान पुत्र जरीफ, मुंतजीर और मुर्सलीन पुत्रगण मुस्तकीम को भी गिरफ्तार कर लिया। बाकी फरार साथियों को पुलिस पकड़ने का प्रयास कर रही है। गांव में एहतियात के तौर पर अर्धसैनिक बल के जवान तैनात किए। एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न अपराधों में लिप्त रहने पर 12 केस दर्ज हैं। नौ हमलावरों के खिलाफ यूपी गुंडा एक्ट सहित गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। छह को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।