सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र के खत्रीवाला में बॉबी पुत्र मामचंद (50) की सोमवार रात धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात को उस समय अंजाम दिया गया जब वह घर के बाहर सो रहा था। सूचना मिलने पर एसपी सिटी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने किसी के साथ भी रंजिश होने से इंकार किया है। बॉबी मंडी समिति रोड पर एक आरा मशीन पर काम करता था। रोजाना की तरह वह काम से घर लौटा था। खाना खाकर घर के बाहर अपनी चारपाई बिछाई और सो गया। इसी दौरान रात के समय किसी ने धारदार हथियार से गला रेत दिया।
मंगलवार तड़के करीब चार बजे परिजन बाहर निकले तो बॉबी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। घटना का पता लगते ही वहां पर भीड़ इकट्ठा हो गई। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, थाना कुतुबशेर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के बेटे मनी ने बताया कि कुछ माह पहले मां का निधन हो गया था अब पिता की हत्या कर दी गई। उनकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। फिर किसने हत्या की इस बारे में कुछ पता नहीं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
घटना का पता लगने के बाद सांसद इमरान मसूद भी मृतक के घर पहुंचे और परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने परिवार के लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों से भी वार्ता कर जल्द आरोपियों का पता कर गिरफ्तारी के लिए कहा।
हत्याकांड के खुलासे को लेकर टीम गठित कर दी गई है। परिवार की किसी से कोई रंजिश भी नहीं है। हर बिंदु पर जांच की जा रही है। कई लोगों से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
– अभिमन्यु मांगलिक, एसपी सिटी