सहारनपुर। बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के अध्यक्ष मौलाना अतारउर्रहमान वजदी (88) का शनिवार की सुबह इंतकाल हो गया। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। एक सप्ताह से देहरादून के एक अस्पताल में दाखिल थे। जहां उन्होंने सुबह सात बजे अंतिम सांस ली। इसका पता लगते ही जनप्रतिनिधियों और मुस्लिम धर्म गुरुओं में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ढोली खाल निवासी अताउर्रहमान वजदी बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी के अध्यक्ष थे। वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। गंभीर हालत देखते हुए उन्हे देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उनका इंतकाल हो गया।
उनके शव को ढोली खाल स्थित उनके आवास पर लाया गया। शाम जनाजे की नमाज के बाद कुतबुशेर कब्रिस्तान में सपुर्देखाक किया जाएगा। अताउर्रहमान वजदी ने बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर पिछले कई वर्षों तक मुहीम चलाई थी। उनके निधन पर सांसद इमरान मसूद, शहर काजी नदीम अख्तर, पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान, जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद, शेरशाह आजम, अरशद कुरैशी, शब्बीर साद ने दुख जाहिर किया है। सभी ने कहा कि मौलाना अतारउर्रहमान वजदी के निधन से भारी क्षति हुई है। जिसे कभी पूरा नहीं किया जा सकता है।